गुरु अर्जुन देव का बलिदान मानवता के लिए प्रेरणा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा परिसर में आयोजित विशाल छबील सेवा और छायाचित्र प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गुरु अर्जुन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सत्य, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का अमर संदेश बताया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राहगीरों को अपने हाथों से शरबत और प्रसादी वितरित कर सेवा परंपरा में भागीदारी निभाई। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन त्याग, तपस्या, करुणा और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के सामने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु अर्जुन देव जी के जीवन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उनके जन्म, गुरु गद्दी प्राप्ति, हरमंदिर साहिब के निर्माण, आदि ग्रंथ साहिब के संकलन तथा शहादत तक की प्रेरक यात्रा को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनी नई पीढ़ी को अपने महान संतों और गुरुओं के जीवन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भीषण गर्मी में आयोजित छबील सेवा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और भाईचारे की भावना का प्रतीक है। राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर सिख समाज समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

उन्होंने लोगों से गुरु अर्जुन देव जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सत्य, सेवा, सद्भाव तथा मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सिख समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *