विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बोले- 164 गांवों का अपराध मुक्त होना सामूहिक प्रयास की बड़ी सफलता

राजनांदगांव। CG NEWS: जिले में पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में “पहल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता सांसद संतोष पांडे ने की।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों नागरिक मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के तहत समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने वाले लोगों, कोटवारों, यातायात मित्रों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में करीब 2600 लोगों की भागीदारी रही, जिसमें 550 कोटवार, लगभग 1000 ग्रामीण, 400 प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थी और 500 से अधिक यातायात मित्र शामिल थे। इस अवसर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए “पहल रीडिंग रूम” का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि वर्ष 2024 से 2026 तक अपराधमुक्त रहे जिले के 164 गांवों को माना गया, जिनके सम्मान में वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई।

अपने संबोधन में डॉ. रमन सिंह ने अपराधमुक्त गांवों की उपलब्धि पर पुलिस, सरपंचों और कोटवारों की सराहना करते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गांवों में कोटवार की भूमिका सदियों से महत्वपूर्ण रही है और तीन वर्षों में 164 गांवों को अपराधमुक्त बनाना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने “पहल” कार्यक्रम को पुलिस का शानदार नवाचार बताते हुए इसे समाज को एकजुट करने वाली प्रेरणादायक पहल बताया।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *