खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों के बीच सरगर्मियां तेज हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस ने चुनाव समितियों का ऐलान कर दिया है। वहीं बीजेपी प्रदेश चुनाव समिति ने प्रत्याशी चयन को लेकर बुधवार रात बैठक की। यह बैठक भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई।
खैरागढ़ से चुनाव लड़ने के लिए 10 भाजपाइयों ने दावेदारी पेश की थी। लेकिन प्रदेश चुनाव समिति ने इन दावों पर घंटों मंथन के बाद तीन नामों का एक पैनल केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने की तैयारी कर ली है। इस पैनल में जिला पंचायत के उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और पूर्व विधायक कोमल जंघेल का भी नाम शामिल है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बीजेपी इस बार विक्रांत सिंह पर दांव खेल सकती हैं। भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुईं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित चुनाव समिति के दूसरे सदस्य भी बैठक में शामिल थे।
वहीं आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला पंचायत सभागार में नाम निर्देशन पत्र लिए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए 17 मार्च से शुरू हो गई है, जो 24 मार्च तक चलेगी। प्रत्याशियों को नामांकन फार्म वितरण और नामांकन दाखिले के लिए जिला पंचायत कार्यालय राजनांदगांव को केंद्र बनाया गया है, जहां सामान्य प्रत्याशी को दस हजार और अनूसूचित जाति और अनूसूचित जन जाति के अभ्यर्थियों के लिए 5000 रुपए की प्रतिभूति राशि जमाकर प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर लोकेश चंद्राकर ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नाम निर्देशन पत्र दाखिले की पूरी व्यवस्था कर ली गई है। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों को ऑनलाइन नामांकन की सुविधा पोर्टल के जरिये दी गई है, इसके बाद भी ऑनलाइन जमा किए गए नामांकन की हार्ड कॉपी रिटर्निग आफिसर के पास जमा करानी होगी। नाम निर्देशन की जांच 25 मार्च को की जाएगी। बता दें कि खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान होगा, वहीं मतगणना 16 अप्रैल को होगी।











