छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन बारिश का अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक के साथ होगी झमाझम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब तेजी से सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के शेष हिस्सों में अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून पहुंच जाएगा। वहीं, आगामी सात दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हालांकि राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और दरभा में 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, राजनांदगांव में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *