रायपुर: राजधानी रायपुर में स्वामी आत्मानंद स्कूल में मंगलवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 5 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों के जरिए आवेदन लिए जाएंगे। आवेदनकर्ताओं की संख्या यदि बढ़ती है तो लॉटरी सिस्टम से बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।
शहरी क्षेत्रों में ऑनलाइन सिस्टम से फॉर्म लिए जाएंगे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ऑफलाइन के जरिए फॉर्म लिए जाने की व्यवस्था है। वहीं स्वामी आत्मानंद स्कूल में आवेदन की जानकारी मिलते ही सुबह से परिजन स्कूल पहुंचे। स्कूल में परिजनों की लंबी कतारे भी देखने को मिली।
प्रिंसिपल ने बताया कि स्कूल के लिए आवेदन की तारीख 30 अप्रैल तक है। 1 से 5 मई तक लॉटरी की प्रक्रिया चलेगी। स्वामी आत्मानंद स्कूल में सीटों की संख्या सीमित है। काफी स्कूलों में केवल पहली और ग्यारहवीं कक्षा में ही एडमिशन लिए जा रहे हैं, क्योंकि सीटों की संख्या सीमित है। वहीं जिन बच्चों का एडमिशन हुआ है, वे अगले क्लास में भी प्रमोट होंगे। इसलिए भी सीटों की संख्या कम है और आवेदन काफी ज्यादा है। लॉटरी सिस्टम से ही बच्चों के एडमिशन लिए जाएंगे।

