बेटे से मिलने जा रहे बुजुर्ग की बस में मौत, सोया तो फिर उठा ही नहीं…

दंतेवाड़ा। बचेली थाना क्षेत्र में 60 साल के रेलवे के पूर्व कर्मचारी ने चलती बस में दम तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अपने बेटे से मिलने के लिए कांकेर रोडवेज की बस से दंतेवाड़ा जिले के बचेली आ रहा था।

जानकारी के मुताबिक, कांकेर जिले के अंतागढ़ निवासी मेहतरु टेकाम दंतेवाड़ा जिले के बचेली में रेलवे विभाग का पूर्व कर्मचारी रहा है। मेहतरु का बेटा अमित टेकाम भी बचेली में रहता है। जिससे मिलने के लिए बुजुर्ग अंतागढ़ से बस से बचेली आ रहा था। लेकिन बस बीच रास्ते केशलूर में ही खराब हो गई। जिसके बाद सभी यात्रियों को कांकेर रोडवेज की बस में बिठाया गया था। मेहतरु टेकाम भी कांकेर बस की पहले नंबर की स्लीपर सीट में बैठा था। कंडक्टर को किराया देने के बाद वह सो गया था।

जब बस बचेली पहुंची तो कंडक्टर ने बुजुर्ग को उठाया लेकिन बुजुर्ग ने कोई मूवमेंट नहीं किया। जिसके बाद कंडक्टर ने इसकी जानकारी फौरन बस के ड्राइवर को दी। इस पर ड्राइवर बस को सीधे बचेली पुलिस थाना ले गया। जहां बुजुर्ग के मौत की जानकारी पुलिस को दी गई। बचेली थाना के जवानों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। बुजुर्गों के पास से मिले आधार कार्ड और कुछ अन्य दस्तावेजों से उसकी पहचान हुई। जिसके बाद बुजुर्ग के परिजनों से संपर्क किया गया। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बुजुर्ग की मौत किस वजह से हुई है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *