बिहार की नीतीश सरकार ने कोविड वैक्सीनेशन को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार अब 18 साल से 59 साल तक के सभी लोगों को कोविड-19 की बूस्टर डोज मुफ्त में लगाएगी। सोमवार को राज्य कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि सरकार के इस फैसले से तकरीबन 5 करोड़ से अधिक लोगों को फायदा पहुंचेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुफ्त में बूस्टर डोज लगाने के लिए होने वाला खर्च बिहार सरकार वहन करेगी और इसके लिए राज्य कैबिनेट ने सोमवार को 1314.15 करोड़ की स्वीकृति दे दी है। कैबिनेट की बैठक के बाद कैबिनेट सचिवालय के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि मुफ्त में बूस्टर डोज पर खर्च होने वाले 1314.15 करोड़ रुपए की राशि में से 583.43 करोड़ की राशि बिहार कंटिजेंसी फंड से जारी करने को भी मंजूरी मिल गई है।
बता दें कि हेल्थ, फ्रंटलाइन वर्कर और 60 साल से ऊपर के लोगों को बूस्टर डोज पहले से ही फ्री दी जा रही है। केंद्र सरकार ने हाल ही में नई गाइडलाइन जारी की थी, जिसके मुताबिक 18 से 59 साल के लोगों को प्राइवेट अस्पतालों में शुल्क देकर तीसरी डोज लेनी थी।










