अपने ही बुने जाल में फंस गया रेप का आरोपी, ऐसे पकड़ाया

कांकेर। यहां नाबालिग लड़की को भगा ले जाने और रेप का एक आरोपी अपने ही बुने जाल में उलझकर पकड़ा गया। उस पर दुष्कर्म का आरोप है, और जिस आरोपी की पुलिस को तलाश थी, वह नाबालिग पीड़िता से ही मिलने की कोशिश के चक्कर में पकड़ा गया। कोर्ट के आदेश पर बालिका गृह भेजी गई पीड़िता से मिलने के लिए वह खुद को सहेली का पति बताकर पहुंचा था। हालांकि बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष की सजगता से वह पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

घटना के बारे में प्राप्त विवरण के अनुसार धमतरी के युवक विवेक चावड़े ने सिहावा क्षेत्र में रहने वाली 17 साल की एक लड़की को शादी का झांसा देकर 2 अप्रैल को भगा ले गया। लड़की के गायब होने पर घर वालों ने तलाश शुरू की और थाने में मामला दर्ज करा दिया। पुलिस का दबाव बढ़ा तो आरोपी 16 अप्रैल को लड़की को धमतरी में छोड़कर भाग निकला। लड़की ने घरवालों को पूरी बात बताई। तब बाद में पुलिस ने पॉक्सो में भी मामला दर्ज किया और लड़की को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया।

बाल कल्याण समिति धमतरी में बालिका गृह नहीं होने के कारण पीड़िता को कांकेर भेज दिया गया था। इसकी जानकारी आरोपी विवेक को लगी तो वह 19 अप्रैल को लड़की से मिलने के लिए कांकेर के बालिका गृह पहुंच गया। उसने खुद को लड़की की सहेली का पति बताया, लेकिन कर्मचारियों ने बिना अध्यक्ष की अनुमति के मिलने देने से इनकार कर दिया। साथ ही अगले दिन आकर अध्यक्ष से मुलाकात के बाद लड़की से मिलने को कहा। इस पर आरोपी विवेक को लगा कि वह लड़की से आसानी से मिल सकता है और अगले दिन फिर बालिका गृह पहुंच गया।

वहां उसने अध्यक्ष कल्पना ध्रुव के सामने खुद को दुर्ग में पदस्थ कांस्टेबल बताया। हालांकि उसकी बातों से अध्यक्ष कल्पना ध्रुव को संदेह हुआ तो उन्होंने और जानकारी लेनी शुरू कर दी। साथ ही धमतरी बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गजानंद साहू से संपर्क किया। यह देखकर आरोपी ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और भागने का प्रयास करने लगा। तभी अध्यक्ष कल्पना ध्रुव ने उसका मकसद भांपते हुए कर्मचारियों से केंद्र के सभी दरवाजे बंद करवा दिए। साथ ही पुलिस को भी कॉल कर दिया। जब तक पुलिस पहुंची आरोपी को वहां के कर्मचारी पकड़े रहे। पहले तो उसने पुलिस के सामने भी झूठ बोलने का प्रयास किया, लेकिन फिर सख्ती के चलते उसकी पोल खुल गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को सारी सच्चाई बता दी। अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष ने दिखाई सक्रियता

बाल कल्याण समिति कांकेर अध्यक्ष कल्पना ध्रुव ने बताया बालिका गृह में बिना अनुमति किसी को मिलने नहीं दिया जाता है। यहां पहुंचा युवक संदिग्ध दिख रहा था। मामला धमतरी जिले का होने के कारण उसकी फोटो तत्काल धमतरी बाल कल्याण समिति में भेजी गई। जिससे पता चला युवक मामले का आरोपी है। जिसके बाद उसे पकड़ कांकेर पुलिस को सौंप दिया गया।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *