गजब की ठगी : शख्स ने 23 लाख में खरीदा काला घोड़ा, घर जाकर नहलाया तो निकला लाल…

पंजाब के संगरूर से धोखाधड़ी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने लाल रंग के घोड़े को काला रंग करके 22.65 लाख रुपये में बेच दिया। वहीं एक अन्य माले में भी अच्छी नस्ल के घोड़े दिखाने के बाद सामान्य घोड़े भेजकर 37.41 लाख ठगने का मामला सामने आया है।

पहला मामला थाना सिटी सूनाम का है। जहां ठगी का शिकार हुए रमेश कुमार ने बताया कि वह वार्ड नंबर-14 मोहल्ला हरचरन नगर लहरागागा में रहते हैं। उन्हें जतिंदरपाल सिंह सेखों निवासी सुंदर सिटी सुनाम, लखविंदर सिंह निवासी सिंहपुरा सुनाम व लचरा खाना उर्फ गोगा खान निवासी लेहल कलां ने मिलीभगत करके लाल रंग का घोड़ा बेचा। उन्होंने उसे घर जाकर नहलाया तो घोड़े का काला रंग निकल गया। आरोपियों ने उनसे करीब 23 लाख रुपये की ठगी की है।

पीड़ित रमेश ने बताया कि उन्होंने आरोपियों से 22 लाख 65 हजार रुपये में एक घोड़ा खरीदा था। इसके लिए 7 लाख 65 हजार नकद व बाकी राशि दो चेकों के माध्यम से चुकाई थी। इस घोड़े का सौदा लचरा खान ने करवाया था। रमेश कुमार ने सबसे हैरान करने वाली बात बताई कि उन्होंने कोले रंग का घोड़ा खरीदा था, लेकिन जब घर लाने के बाद नहलाया, तो रंग हट गया और वह लाल रंग का घोड़ा निकला। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

वहीं दूसरा मामला संगरूर के थाना चीमा में वासू शर्मा निवासी वार्ड नंबर 27 मोगा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह स्टड फार्म के लिए घोड़े खरीदता और बेचता है। उसे घोड़ों के दलाल विक्की व बग्गा ने बताया कि सुखचैन सिंह व बिंदर सिंह निवासी झाड़ो के पास मारवाड़ी घोड़ा और फरमान सिंह संधू निवासी अताला के पास नुकरा घोड़ा है, जो बेच रहे हैं। उसने दोनों के घोड़ों को देखा व उनका सौदा 37 लाख 41 हजार रुपये में हो गया। उसने 9 लाख रुपये नकद सुखचैन सिंह और 15 लाख रुपये फरमान सिंह को एडवांस के तौर पर दिए। इसके बाद बाकी की राशि भी उन्हें दे दी गई। इसके बाद आरोपियों ने जो घोड़े उनके घर भेजे, वह पहले दिखाए गए घोड़े नहीं थे। सभी ने आपस में मिलीभगत करके उसे घटिया किस्म के कम कीमत वाले घोड़े बेचकर लाखों रुपये की ठगी की है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *