रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभागों में झुलसाने वाली गर्मी, सामान्य से 5 डिग्री अधिक हुआ रात का तापमान, अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ का मध्य और उत्तरी इलाका लू की चपेट में है। रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभागों में झुलसाने वाली गर्मी से जनजीवन पर असर दिखने लगा है। कुछ शहरों में तो रात को भी लू जैसे हालात बन रहे हैं। दो दिनों से रायपुर और राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री अधिक हो गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हीट वेव को देखते हुए सार्वजनिक स्थलों पर पीने के पानी की व्यवस्था सहित कई निर्देश दिए हैं।

बुधवार रात राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राजधानी रायपुर में यह 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा है जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। एक दिन पहले तक रायपुर का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम विभाग ने इस स्थिति को गर्म रात्रि के तौर पर परिभाषित किया है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, दिन में धूप की वजह से तेज गर्मी पड़ती है इससे हवा भी गर्म हो जाती है। रात गहराने के साथ हवा ठंडी होती जाती है। इससे तापमान कम होता है और लोगों को गर्मी से राहत महसूस होती है। जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.50 डिग्री या उससे अधिक हो जाता है तो यह स्थिति बनती है। यह रात को लू जैसी स्थिति है।

बस्तर संभाग में आंधी-पानी के आसार

प्रदेश में उत्तर से उत्तर पश्चिमी गर्म हवा और दक्षिण से नम और ठंडी हवा का आगमन जारी है। इसकी वजह से दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की बरसात हो सकती है। अंधड़ उठने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है।

चार संभागों में आज भी लू की चेतावनी

मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को भी लू की चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के जिलों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। विभाग ने इस चेतावनी में प्रशासन को सावधान और अपडेट रहने की सलाह दी है।

मुख्यमंत्री ने लू से बचाव के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वास्थ्य विभाग और नगरीय निकायों को लू से बचाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी शहरों में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को भी अपनी तैयारी रखने को कहा गया है।

एक दिन पहले ऐसी थी गर्मी

रायगढ़ – 44.6

राजनांदगांव – 44

दुर्ग – 43.6

रायपुर – 43.4

बिलासपुर – 43

पेण्ड्रा रोड – 41

अंबिकापुर – 40

जगदलपुर – 38

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *