लापता युवक की इस हालत में मिली लाश, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

कवर्धा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक लापता युवक की अधजली लाश तालाब के सूखे एरिया में मिली है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को जलाया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह भोजली तालाब के सूखे एरिया में लोगों ने एक युवक की अधजली लाश देख पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्ती करवाई। शव की पहचान रामनगर निवासी रोहित सिन्हा (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह शहर में ही कृषि केंद्र के नाम से दुकान चलाता था। पुलिस ने शव पहचान करने के बाद इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी थी।

पुलिस का कहना है कि युवक का शव आधा जल चुका था, आशंका है उसकी हत्या की गई है। फिलहाल शव को पीएम के लिए भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद कुछ पता चल सकेगा। वहीं पुलिस को रोहित के गले से एक गमछा बंधा हुआ मिला है। इसके चलते पुलिस ने शंका जाहिर की है कि पहले उसका गला घोंटा गया है। इसके बाद उसे जलाया गया है।

पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। परिजनों का कहना है कि रोहित शुक्रवार को घर से निकला था। फिर वापस ही नहीं लौटा। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *