शराब पीने के लिए नहीं दिये पैसे तो आरोपी ने कर दी पत्नी की पीट-पीट कर हत्या, गिरफ्तार

सरगुजा। शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपनी पत्नी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी अपनी पत्नी से विवाद और मारपीट करता था। मामले में आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार बिसुन राम(42) अपनी पत्नी पार्वती बाई(38) के साथ बेलखिरखा गांव में रहता था। वह मजदूरी का काम करता था। साथ ही वह शराब का आदी था। जिसके कारण अक्सर उसका अपनी पत्नी से विवाद होता था। आरोपी शुक्रवार रात को शराब के नशे में घर पहुंचा था। घर पहुंचने पर उसने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। लेकिन उसकी पत्नी पार्वती ने पैसे देने से इनकार कर दिया था।

इसी बात से आरोपी नाराज हो गया और उसने महिला को पहले लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद डंडे से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी घर से भाग निकला। जब परिजन घर पहुंचे तब उन्हें पूरे मामले का पता चला। फिर मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *