पन्नाः मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने आर्थिक तंगी से गुजर रहे एक गरीब किसान को मालामाल कर दिया है। प्रताप सिंह यादव नाम के किसान को 11.88 कैरेट वजन का बेशकीमती हीरा मिला है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
प्रताप सिंह यादव ने बताया कि वे पिछले तीन महीने से खदान में कड़ी मेहनत कर रहे थे, जिसके बाद यह हीरा मिला है। उन्होंने कहा कि नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वह बच्चों की शिक्षा और कारोबार खड़ा करने में करेंगे।
हीरा अधिकारी रवि पटेल ने कहा कि प्रताप सिंह यादव को जिले के पट्टी इलाके में खुदाई के दौरान यह हीरा मिला है। उन्होंने बताया कि यादव सीमांत किसान है और मजदूरी भी करता है। उन्होंने बताया कि यह उज्जवल किस्म का हीरा है, जिसकी कीमत बाजार में ऊंची होती है।
फिलहाल इस हीरे को नीलाम किया जाएगा और नीलामी से मिलने वाली रकम का 12 प्रतिशत रॉयल्टी काटकर शेष राशि यादव को दे दी जाएगी।

