फोन पर बात करने को लेकर हुआ दंपत्ति में विवाद, पति ने खौफनाक वारदात को दे डाला अंजाम

बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र में एक युवक ने चरित्र शंका के कारण अपनी पत्नी को पहले डंडे से पीटा फिर गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जांच के बाद हत्यारोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि ग्राम अटर्रा निवासी इंदल अहिरवार (35 साल) और उसकी पत्नी चंदा अहिरवार (30 साल) रोजी-मजदूरी करते थे। बुधवार को रात चंदा के मोबाइल में बात करने को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। इस दौरान इंदल ने डंडे से चंदा की पिटाई शुरू कर दी। फिर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी सांसे थमने लगीं और बेहोश हो गई। उसकी हालत देखकर इंदल ने पानी पिलाया। उसे शक हुआ कि उसकी मौत हो गई, तब वह घर से भाग निकला।

उसके बच्चों ने माता-पिता के झगड़े की जानकारी दादा-दादी को दी। जिसके बाद परिजन ने पुलिस को घटना की सूचना दी और महिला को बिल्हा अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस आरोपी इंदल की तलाश में जुट गई। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल का लोकेशन निकाला, तब उसके बिल्हा तरफ होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह पत्नी बच्चों के साथ बीते दिसंबर महीने में उत्तरप्रदेश कमाने खाने गया था। वहां उसकी पत्नी एक लड़के से बातचीत करती थी। वापस गांव आने के बाद भी वह उस लड़के से बात करती थी। इसके चलते वह अपनी पत्नी की चरित्र पर शंका करता था। इसी विवाद के चलते उसने अपनी पत्नी को मार दिया। आरोपी इंदल अहिरवार की पहली और दूसरी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। उसकी दूसरी पत्नी के दो बच्चे भी हैं। इसके बाद उसने चंदा से तीसरी शादी रचाई थी। चंदा के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की मौत के बाद अब बच्चे अपने दादा दादी के पास हैं।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *