बिलासपुर में फंदे पर लटकती मिली छह साल के बच्चे की लाश

बिलासपुर। बिलासपुर में छह साल के बच्चे की लाश फंदे पर लटकती मिली है। बच्चे के माता-पिता व परिजन पड़ोस में रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। बच्चा भी उनके साथ था। अचानक वह खेलने के लिए घर आ गया। महज 20 मिनट बाद उसकी मौसी व भाई घर पहुंचे, तब उसकी लाश फंदे पर लटक रही थी। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते उसके गले में रस्सी फंस गया और फंदा बन गया। इधर, बेटे के माथे पर चोट के निशान देखकर पिता ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।

ग्राम गतौरी निवासी राजकुमार भारती परिवार के सदस्यों के साथ सोमवार की दोपहर को अपने पड़ोस के घर शादी में शामिल होने गए थे। उनके साथ 6 साल का बेटा मानस भारती भी था। शादी घर में परिजन को छोड़कर मानस खेलने के लिए घर जाने की बात कहकर निकला। फिर अपने घर चला गया। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में लटक रही रस्सी से खेल रहा था। पुलिस को शक है कि रस्सी बच्चे के गले में फंस गई होगी, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजन ने पुलिस को बताया कि मानस के शादी घर से निकलने के महज 20 मिनट बाद उसकी 14 साल की बुआ और 9 साल का भाई घर आए। तब मानस का शव फंदे पर लटक रहा था। घबराकर उन्होंने तत्काल इस घटना की जानकारी परिजन को दी। मानस के माथे में चोट के निशान भी मिले हैं। उसके माथे से खून निकल रहा था। ऐसे में उसके पिता राजकुमार ने बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है।

TI सुनील तिर्की ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस के डॉयल 112 को कॉल किया, जब तक पुलिस गांव पहुंची, परिजनों ने बच्चे के शव को फंदे से उतार लिया था। बच्चे के पिता ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस को शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पूछताछ में पता चला कि राजकुमार परिवार समेत कमाने खाने के लिए पंजाब गया था। इस दौरान परिवार में शादी में शामिल होने के लिए वह पत्नी बच्चों को लेकर कुछ दिन पहले ही गांव आया था।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *