मोदी सरकार के 8 सालों का जश्न CG में : रायपुर आएंगे प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और शिवप्रकाश, गांव-गांव पहुंचेगी भाजपा

रायपुर। मोदी सरकार के कार्यकाल के 8वें साल का जश्न भाजपा छत्तीसगढ़ में मनाएगी। ये जश्न पूरी तरह से से सियासी होगा। भाजपा कह चुकी है कि प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में पीएम नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ेगा। इस लिहाज से अब आने वाले दिनों में प्रदेश भाजपा के अभियान चुनावी रण का हिस्सा ही होंगे।

दरअसल भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 26-27 मई को रायपुर में होगी। कार्यसमिति में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सहप्रभारी नितिन नबीन शामिल होंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के आठ साल पूरे होने पर चर्चा होगी। इस मौके पर भाजपा प्रदेशभर में आयोजन करेगी। इसे लेकर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कई तरह के निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

इस बैठक में प्रदेशभर में चलाए गए अब तक के अभियानों के दौरान जो इनपुट संगठन और कांग्रेस को लेकर मिले साझा किए जाएंगे। माना जा रहा है कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं के साथ आगामी चुनाव की तैयारी भी इस बैठक में चर्चा का विषय होगी। भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में एक्टिव हो चुकी है। कांग्रेस शासन की योजनाओं में गड़बड़ी की जानकारी मिल रही है, जिसको लेकर आगामी कार्ययोजना बनाई जाएगी।

इधर कांग्रेस के बाद भाजपा चली राजस्थान
इससे पहले कांग्रेस के चिंतन शिविर के बाद अब राजस्थान में भाजपा भी पहुंच रही है। 20 और 21 मई को जयपुर में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। इससे पहले उदयपुर में कांग्रेस का चिंतन शिविर हुआ था। भाजपा की इस बैठक में साल 2023-24 में होने वाले छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होगी।

इस बैठक में छत्तीसगढ़ भाजपा से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय गुरुवार को राजस्थान के जयपुर के लिए रवाना होंगे। 2 दिन तक चलने वाली बैठक में भाजपा राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी नितिन नबीन सीधे जयपुर पहुंचेंगे।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *