बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के केंद्रीय जेल में 5 दिन पहले पचपेड़ी क्षेत्र के बंदी छोटेलाल यादव की मौत का मामला अभी थमा नहीं है। उसके परिजन आबकारी विभाग की टीम पर उसकी हत्या करने के आरोप लगा चुके हैं। लेकिन इसी बीच एक और विचाराधीन बंदी की मौत हो गई है। उसे 16 मई को ही गंभीर हालत में इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया था। बुधवार की देर शाम उसकी मौत हो गई। इधर, मृतक के भाई ने पीट-पीटकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदरी निवासी विदेशी राम केवट (31 साल) जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा स्थित बोकरामुड़ा चारपारा में पत्नी व बच्चों के साथ रहता था। कुछ समय पहले ही वह अकेले बिलासपुर आकर मजदूरी करने लगा था। बीते 14 मई को उसे रेलवे पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बताया जा रहा है कि दो दिन बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी, तब उसे 16 मई को गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान बुधवार की शाम करीब 7 बजे उसकी मौत हो गई।
जेल अधीक्षक एसके तिग्गा का कहना है कि विचाराधीन बंदी विदेशीराम केवट जब जेल आया था। उसके पहले ही उसे कुत्ते ने काटा था। उसके बताने पर जेल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। वह आदतन नशेड़ी भी था। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे सिम्स रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।











