रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्से में गुरुवार को सुबह से देर रात तक दो-तीन बार बारिश हुई है। राजधानी में 1 सेमी से ज्यादा और बिलासपुर तथा आसपास तकरीबन 1 सेमी पानी बरसा है। अंबिकापुर और जगदलपुर में भी बौछारें पड़ी हैं। इससे लगभग सभी जगह दोपहर का तापमान 2 से 5 डिग्री तक कम हो गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह मानसून पूर्व की वर्षा नहीं है। ऊपरी हवा में चक्रवात और एक द्रोणिका के असर से बादल आए हैं। प्रदेश में कई जगह शुक्रवार को भी अंधड़-बारिश के आसार हैं।
दक्षिण-पश्चिमी मानसून अब केरल तट से सिर्फ 100 किमी दूर है और 31 तारीख या उससे पहले भी दस्तक दे सकता है। केरल में आने के करीब 10 दिन बाद प्रदेश में मानसून सक्रिय होता है, इसलिए प्रदेश में निर्धारित समय यानी 10-11 जून तक मानसूनी वर्षा शुरू होने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के अनुसार उत्तर-पश्चिम राजस्थान से छत्तीसगढ़ होते हुए अंदरुनी ओडिशा तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा बिहार और आसपास 1.5 किमी ऊंचाई पर चक्रवात है। इसके असर से प्रदेश में काफी नमी आ रही है। इसी वजह से शुक्रवार को भी कई जगह अंधड़ के साथ हल्की बारिश की संभावना है।










