कानपुर देहातः शादियों के सीजन में कई बार अजीब घटनाएं हो जाती हैं। इन घटनाओं को जानकर कभी हंसी छूट जाती है तो कई बार दिल टूट जाता है। ऐसा ही एक वाकया कानपुर देहात का है, जहां शादी के दौरान फोटोग्राफर नहीं होने की वजह से दुल्हन रूठ कर पड़ोसी के घर चली गई और बारात को बैरंग लौटना पड़ा।
मंगलपुर के एक किसान की बेटी की शादी भोगनीपुर के डुबकी की मड़ैया निवासी अरुण कुमार के साथ होने वाली थी। शनिवार रात को बाराती नाचते गाते पहुंचे। रस्मों रिवाज का दौर चल रहा था, तभी जयमाला के दौरान दुल्हन स्टेज पर पहुंची।
दुल्हन ने देखा कि दूल्हे की ओर से कोई फोटोग्राफर या वीडियोग्राफर नहीं आया है। इससे वह नाराज हो गई और जयमाला किए बिना घर के अंदर चली गई। वह गुस्से में पड़ोसी के घर जाकर बैठ गई। दुल्हन का कहना था कि जिस आदमी को शादी की परवाह नहीं है, वह भविष्य में उसकी देखभाल कैसे करेगा?
शनिवार रात भर मान मनौव्वल का दौर चला पर लेकिन दुल्हन नहीं मानी। इसके बाद रविवार को पुलिस गांव पहुंची और दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की गई। दुल्हन की जिद के आगे सभी हार गए और दोनों पक्षों ने एक दूसरे को लेन-देन का सामान वापस कर दिया। बारात बिना दुल्हन के ही वापस चली गई।











