इस दिन से तापमान मे होगी गिरावट , लोगों को जल्द मिलेगी गर्मी से राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी और लू के थपेड़ों से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जून से तापमान में गिरावट होनी शुरू हो जाएगी। साथ ही प्रदेश भर में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

प्रदेश में मंगलवार को भी झुलसाने वाली गर्मी जारी रही। सर्वाधिक तापमान मुंगेली में 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। राजस्थान व गुजरात से आने वाली गर्म हवा के चलते दिन के साथ रात में भी गर्म हवा चल रही है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी बनी हुई है। मंगलवार को सुबह से रायपुर समेत प्रदेश में मौसम शुष्क रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम अभी थोड़ा कमजोर पड़ गया है। इसके चलते संभव है कि 13 जून को छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने वाला मानसून दो-तीन दिन विलंब हो जाए। मौसम विभाग के अनुसार एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से रायल सीमा तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। दूसरी द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल के ऊपर हिमालय क्षेत्र, सिक्किम होते हुए 0.9 किमी ऊंचाई तक है। इनके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *