अम्बिकापुर। जिले के बगीचा विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत भड़िया में सरैपानी निवासी 3 पहाड़ी कोरवाओं की बाढ़ में बहने से मौत हो गयी है। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के दौरान एक महिला और उसके दो बच्चे पहाड़ी नाला में बह गए।
जानकारी के अनुसार, लुंड्रा विकासखंड अंतर्गत धौरपुर थाना क्षेत्र के सरईपानी निवासी मुन्ना राम पहाड़ी कोरवा की पत्नी सुमित्रा बाई अपने सात वर्षीय बेटे मंगल साय और छह माह के सोनू राम को लेकर शनिवार सुबह बगीचा क्षेत्र के भड़िया गांव में साप्ताहिक बाजार करने गई थी। इस दौरान दोपहर 12 बजे के आसपास पंडरापाट और भड़िया इलाके में जोरदार बारिश हुई। महिला अपने दोनों बच्चों के साथ घर की ओर लौट रही थी। जोरदार बारिश के बाद वहां पंडरापाट के मुड़करवां इलाके के लंघना नाला उफान पर था। महिला का सात वर्षीय बालक तो हाथ पकड़कर चल रहा था लेकिन छह माह के बेटे को महिला ने शाल से अपनी पीठ पर बांध कर रखा था। नाला पार करने के दौरान पानी के तेज बहाव में तीनों बह गए।











