बड़ी खबर: धर्म अस्पताल में युवक पर जानलेवा हमला, बीएमओ व स्टाफ ने भागकर बचाई जान, स्वास्थ्य विभाग का अमला दहशत में

कोरबा। रानी धनराज कुंवर देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (धर्म अस्पताल) में सुबह इलाज कराने पहुंचे एक युवक पर 2 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक को अस्पताल परिसर में बेरहमी से पीटा गया। इसकी सूचना मिलते ही बीएमओ डॉ. दीपक राज अस्पताल पहुंचे तो उन्हें भी मारने के लिए दौड़ाया गया। बीएमओ व स्टाफ ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद से स्वास्थ्य विभाग का अमला दहशत में है।
रानी धनराज कुंवर देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (धर्म अस्पताल) में सुबह लगभग 7.30 बजे एक घायल युवक पहुंचा था। अचानक कुछ लोगों ने युवक पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है की पुरानी बस्ती निवासी मुन्ना यादव और शफीक खान पुराना बस स्टैंड में एजेंट का काम करते हैं। इनके मध्य किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पहले पुराना बस स्टैंड में भी मारपीट की गई। मारपीट में घायल सफीक खान पीएचसी पहुंचा। इसी बीच मुन्ना यादव अपने दो साथियों के साथ अस्पताल में घुसा और घायल को मारना शुरू कर दिया। अस्पताल के स्टाफ ने बीच बचाव किया तो उन्हें भी मारने के लिए दौड़ाया गया। सभी घबराकर इधर उधर भागने लगे। इसकी जानकारी बीएमओ डॉ. दीपक राज को दी गई। बीएमओ अस्पताल पहुंचे तो देखा कि सफीक खान को बुरी तरह पीटा जा रहा था। वह लहूलुहान हो गया था। दीपक राज ने मना किया तो उन्हें भी मारने के लिए दौड़ाया गया। डॉक्टर राज ने किसी तरह अपनी जान बचाई। डॉ. राज ने बताया कि अस्पताल के बाहर एक कार आकर रुकी थी, जिसमें से एक युवक कुल्हाड़ी लहराते हुए बाहर निकला था, लेकिन बाद में सभी भाग निकले।
पुलिस को पहुंचने में लगा एक घंटा का समय
पीएचसी से करीब 500 सौ मीटर की दूरी पर कोतवाली स्थित है। कोतवाली स्टाफ को पहुंचने में 1 घंटे का समय लग गया। डायल 112 की टीम अस्पताल पहुंची तब तक मारपीट करने वाले भाग चुके थे। पुराना बस स्टैंड से भी करीब 50 मीटर की दूरी पर सिटी कोतवाली स्थित है। डॉक्टर दीपक राज ने बताया कि अस्पताल से एक स्टाफ को कोतवाली भेजा गया था, जो लगभग पौन घंटे तक कोतवाली में मौजूद रहा। थाना में मात्र एक स्टाफ उपस्थित था। पुलिस नहीं पहुंची तो डायल 112 से संपर्क किया गया। डायल 112 की टीम को भी आने में वक्त लग गया। डायल 112 की टीम के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए। इसके बाद स्टाफ को कमरे से बाहर निकाला गया।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *