20 हजार बहनों की रोजी छीनने वाले तीजा पर ढोंग कर रहे– भाजपा

रायपुर। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व विधायक रंजना साहू ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए कहा है कि महिला स्वसहायता समूह से जुड़ीं छत्तीसगढ़ की 20 हजार बहनों की रोजी रोटी छीनकर उन्हें गिरफ्तार करने का पाप करने वाले तीजा पोरा का ढोंग कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि शराबबंदी का वादा करके सत्ता में आने वालों ने शराब की नदियां बहाकर छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं को धोखा देने के साथ ही उनका जीवन नर्क बना दिया। इनकी महिला मंत्री पुरुषों को थोड़ी थोड़ी शराब पीने का ज्ञान बांटती हैं और इनके अध्यक्ष शराब के लिए संस्कृति की आड़ लेते हैं। कांग्रेस की संस्कृति ही शराब को बढ़ावा देना है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को अब पड़ौसी राज्य को शराब का धंधा बढ़ाने के हुनर सिखा रही है। मतलब यह है कि भूपेश बघेल मदिरा शास्त्र के प्रोफेसर बन गए हैं और समाजशास्त्र को शराब छिड़ककर जला दिया है। घर घर में शराब कलह मचा रही है और सरकार मुनाफा कमाने में लगी है। सरकारी दुकानों पर दो तरह की शराब बिक रही है। वैध से तीन गुनी अधिक अवैध शराब खपाये जाने की शिकायत आम हैं। क्या महिलाओं की धार्मिक आस्था के साथ राजनीति करने वाले बताएंगे कि तीजा के पवित्र अवसर पर शराबबंदी का ऐलान क्यों नहीं किया? क्या भूपेश बघेल में हिम्मत है कि महिलाओं से किया गया वादा पूरा करेंगे। हिम्मत है तो तत्काल शराबबंदी लागू करके दिखाएं।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न की घटनाएं नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। फूल सी बच्चियों से लेकर बुजुर्ग माताओं तक से दुराचार हो रहा है। दुराचार के बाद महिलाओं की हत्या की जा रही है। दुःशासन हर रोज द्रौपदी का चीरहरण कर रहे हैं और धृतराष्ट्र सो रहा है। ऐसे में तीजा के नाम पर राजनीतिक पाखंड करना इनकी नीति और नीयत का भेद उजागर करने पर्याप्त है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *