रायपुर : इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध 6 सरकारी कृषि कॉलेजों में जल्द ही 66 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती होगी। इन पदों के लिए आवेदन, स्क्रूटनी होने के बावजूद जुलाई 2020 में शासन ने भर्ती पर रोक लगा दी थी। करीब 2 साल बाद शासन ने फिर से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दी है। मंजूरी मिलने के बाद विवि प्रशासन ने भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। इन पदों को भरने अगले महीने इंटरव्यू होंगे। इसके साथ ही 6 कृषि कॉलेजों में गैर शैक्षणिक पदों पर भी भर्ती के लिए रास्ता साफ हो गया है। इन पदों के लिए भी आवेदन पहले ही मंगाए जा चुके हैं।
900 आवेदन में पात्र-अपात्र की सूची भी तैयार
कृषि विवि के अफसरों का कहना है कि पुरानी भर्ती के लिए शासन को पत्र भेजकर फिर से अनुमति मांगी गई थी। लगातार रिमाइंडर के बाद शासन ने अब चिट्ठी लिखकर कहा है कि प्रक्रिया पूरी करें और नियुक्ति देने से पहले सूचना दें। इसलिए इंटरव्यू की तैयारी हो रही है। गरियाबंद, महासमुंद, कुरुद, कोरबा, जशपुर और छुईखदान के सरकारी कृषि कॉलेजों में 66 असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए नवंबर 2019 में विज्ञापन जारी किए गए थे।
इसके लिए आवेदन प्रक्रिया उसी महीने शुरू हो गई थी। इन पदों के लिए 900 आवेदन मिले थे। आवेदनों की स्क्रूटनी करने के बाद विवि ने पात्र व अपात्र उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। केवल इंटरव्यू इंटरव्यू होना ही बाकी था। इसी दौरान नया निर्देश जारी हो गया। इसमें कहा गया कि भर्ती के लिए फिर से वित्त विभाग की अनुमति लेनी होगी, चाहे पहले भी अनुमति क्यों न ली गई हो।
इन विषयों के लिए होगी भर्ती
कृषि विवि से संबद्ध छह सरकारी कॉलेजों में अलग-अलग विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती होगी। इनमें एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन, एग्रीकल्चरल स्टेटिस्टिक्स, एग्रोनॉमी, एनटोमोलॉजी, फार्म मशीनरी, जेनेटिक एंड प्लांट ब्रीडिंग, फ्रूट साइंस, लाइव स्टॉक प्रोडक्शन, प्लांट पैथोलॉजी और सॉयल साइंस शामिल है।
36 गैर शैक्षणिक पदों के लिए फाइनल लिस्ट अब जारी होगी
कृषि विवि से संबद्ध छह सरकारी कृषि कॉलेज गरियाबंद, महासमुंद, कुरुद, कोरबा, जशपुर और छुईखदान में ही गैर शैक्षणिक पदों की भी भर्ती होगी। इन पदों के लिए 2019 में आवेदन मंगाए गए थे। कॉलेजों में सहायक ग्रेड-3, लैब टेक्नीशियन और प्रक्षेत्र सहायक की भर्ती होगी।
इन तीनों पदों के लिए स्कोर कार्ड के अनुसार लिस्ट पहले ही जारी हो चुकी है। इस पर दावा-आपत्ति भी मंगवाई जा चुकी है। अब फाइनल लिस्ट जारी होगी। सहायक ग्रेड-3 के लिए कंप्यूटर ज्ञान से संबंधित परीक्षा होगी। लेकिन लैब टेक्नीशियन व प्रक्षेत्र सहायक के लिए कोई परीक्षा नहीं होगी। इन पदों के लिए स्कोर कार्ड 100 नंबर का है। इसमें एकेडमिक रिकार्ड, अनुभव समेत अन्य कामों के अनुसार नंबर दिए गए हैं। इसी के अनुसार मेरिट लिस्ट जारी होगी।











