हिजाब नहीं पहनने के कारण गिरफ्तार की गई युवती की हिरासत में मौत, सड़कों पर उतरे लोग

ईरान में 22 साल की एक युवती को पुलिस ने हिजाब नहीं पहनने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस हिरासत में उसकी मौत हो गई। युवती का नाम महसा अमिनी है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक इस घटना को लेकर लोगों में गुस्सा में है।

जानकारी के मुताबिक, अमिनी के परिवार और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उसकी मौत को ‘संदिग्ध’ बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और न्याय की गुहार लगाई है। मृतका की मां ने कहा है कि उसकी बेटी को मारा गया है। हालांकि, पुलिस ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है।बता दें कि महसा अमिनी को उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब वह अपने परिवार के साथ ईरान की राजधानी तेहरान की यात्रा पर थीं। उन्हें हिजाब ना पहनने के कारण मंगलवार को पुलिस ने अरेस्ट किया था। इसके 3 दिन बाद (16 सितंबर) उनकी मौत हो गई। अमिनी गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही कोमा में चली गई थीं। जिसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन परिवार का कहना है कि अमिनी को किसी किस्म की कोई बीमारी नहीं थी, वह बिल्कुल ठीक थीं। ऐसे में अमिनी की मौत ‘संदिग्ध’ बताई जा रही है। महसा अमिनी के थाने पहुंचने और अस्पताल जाने के बीच क्या हुआ यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

ईरानी पत्रकार (@AlinejadMasih) ने भी ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया है कि कैसे पुलिस महसा अमिनी और अन्य लड़कियों को जबरन पकड़कर गाड़ी में बैठा रही है। मामले में पुलिस पर टॉर्चर के आरोप लग रहे हैं। परिवार अमिनी की पुलिस कस्टडी में मौत की जांच की मांग कर रहा है। लेकिन पुलिस ने आरोपों से इनकार किया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *