सड़क पर आ गए हाथी, पेंड्रा-बैकुंठपुर मार्ग पर कई घंटों तक लगा रहा जाम

कोरबा। जिले के पसान वन परिक्षेत्र में 25 हाथियों का दल डेरा डाले हुए हैं। हाथियों की वजह से अब ग्रामीण क्षेत्र में सड़क पर आवागमन भी प्रभावित होने लगा है। शनिवार की सुबह हाथियों के कारण करीब 2 घंटे तक पेंड्रा-बैकुंठपुर मार्ग में जाम लगा रहा। जंगल से निकलकर हाथी सड़क पर आ गए। इसके साथ ही सड़क से गुजरने वाले वाहनों के पहिए थम गए।
ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेंजर धर्मेंद्र कुमार चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाउडस्पीकर से लोगों को हाथियों से दूर रहने की हिदायत दी। मशाल जलाकर ग्रामीणों के घर की सुरक्षा भी की गई। हाथियों के डर से ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हैं। अब तक पसान रेंज में हाथियों ने कई किसानों की फसल को भी रौंदकर बर्बाद कर दिया है। विगत गुरुवार को कटघोरा वनमंडल के एतमा रेंज में एक नन्हा हाथी सड़क पार करते समय पुल के गड्ढे में फंस गया था। उसे बचाने के लिए भी हाथियों का दल सड़क के पास जमा हो गया था। इसके कारण कटघोरा-चोटिया नेशनल हाईवे- 130 करीब 3 घंटे तक जाम रहा। वन विभाग की टीम ने नन्हे हाथी का सफल रेस्क्यू किया था। एतमा नगर रेंजर मनीष सिंह, डीएफओ प्रेमलता यादव और रेंजर केंदई अभिषेक दुबे पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौजूद थे। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने, हाथियों से दूर रहने और रात में घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी है। वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मशाल जलाकर और व्हिसल के माध्यम से हाथियों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। वन विभाग की कोशिश यही है कि तमाम उपायों के जरिए हाथियों को इंसानों से दूर रखा जाए।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *