नसबंदी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा, CMHO ने गठित की जांच टीम

दुर्ग। जिले के उतई में आयोजित नसबंदी कैंप में नसबंदी कराने के बाद एक शादीशुदा युवती की तबीयत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। युवती के पति ने आरोप लगाया है कि नसबंदी करते समय डॉक्टर की लापरवाही से उसकी पत्नी की मौत हुई है। कोतवाली पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

कोलिहापुरी निवासी राजेश साहू की पत्नी 24 वर्षीय पत्नी दिलेश्वरी साहू गुरुवार को उतई में आयोजित नसबंदी कैंप में नसबंदी कराने के लिए गई थी। जब वह कैंप पहुंची तो पूरी तरह से ठीक थी। डॉक्टर ने उसकी नसबंदी भी कर दी। उसके बाद से उसकी तबीयत खराब होने लगी। कैंप में प्राथमिक उपचार के बाद जब तबीयत ज्यदा बिगड़ी तो उसे तुरंत इलाज के लिए दुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दिलेश्वरी की मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और डॉक्टर पर गलत तरीके से नसबंदी करने का आरोप लगाया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबर मिलने पर प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। जिला प्रशासन ने परिजनों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिया और मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल जाएगा कि महिला की मौत किस वजह से हुई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी तरफ सीएमएचओ ने जांच के लिए एक टीम गठित की है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *