खेलते-खेलते कुएं में जा गिरा ढाई साल का मासूम, डूबने से मौत

कोरबा। खेलते-खेलते ढाई साल का मासूम कुएं में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त बच्चे का पिता लक्ष्मण सिदार बाहर मजदूरी करने गया हुआ था। पत्नी घर के कामकाज में व्यस्त थी। मासूम गेंद के बीच भाग रहा था। इसी दौरान वह कुएं में झांकने लगा और संतुलन बिगड़ने पर कुएं में जा गिरा।
कोतवाली थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने बताया कि मासूम आंगन में गेंद से खेल रहा था। इसी दौरान गेंद कुएं के पास चली गई। मासूम भी गेंद के पीछे-पीछे कुएं के पास पहुंच गया। उसकी मां कौशल्या सिदार जब कमरे से बाहर निकली, तो बालक दिखाई नहीं दे रहा था। उसके दो और बच्चे खेलने के लिए बस्ती की तरफ गए हुए थे। ढाई साल का मासूम ही आंगन में खेल रहा था। मां को अंदेशा हुआ तो वह दौड़कर कुएं के पास पहुंची। कुएं के अंदर पानी में बॉल दिखाई दे रही थी। बच्चे की मां ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े। लोगों ने कुएं में उतरकर देखा तो पानी में बच्चे की लाश मिली। शव को कुएं से बाहर निकाला गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने बताया कि कुआं आंगन से महज 100 मीटर की दूरी पर है। कुएं में रेलिंग भी नहीं है। इसी कारण से बड़ा हादसा हुआ है। लक्ष्मण और कौशल्या के दो और बच्चे हैं, जिनकी उम्र 6 साल और 4 साल है। 6 साल का बच्चा पढ़ाई करता हैं। दुर्गा पूजा की छुट्टी चल रही है। इसलिए स्कूल नहीं गया था। दोनों बच्चे बस्ती में बाकी बच्चों के साथ खेल रहे थे। परिवार के लोग मासूम की मौत के बाद सदमे में हैं।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *