तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, जीजा-साले की मौत

रायगढ़। जिले के ग्राम तिलगा भगोरा में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम तिलगा-भगोरा का है।

आनंद राम सिदार (27 वर्ष) अपने साले अनेश सिदार (21 वर्ष) के साथ बाइक से गांव में घूमने निकला था। इसी दौरान तिलगा-भगोरा मार्ग पर अज्ञात ट्रेलर चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार जीजा-साले को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इसके बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना चक्रधर नगर थाने में दी। जिसके बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। इधर घटना से गुस्साए ग्रामीण और परिजनों ने चक्काजाम कर दिया। इससे वहां गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि दी, जिसके बाद चक्काजाम खत्म किया गया। पुलिस ने जीजा-साले दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *