BSNL के रिटायर्ड अफसर के घर घुसकर नकाबपोशों ने किया हमला, दंपत्ति और 16 साल की नातिन घायल

बिलासपुर। नकाबपोश लुटेरों ने BSNL के रिटायर्ड अफसर और उनकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। हमलावरों ने दंपत्ति के 16 साल की नातिन को भी चाकू मार दिया। घायल अफसर और उनकी पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

नर्मदा नगर में रहने वाले राधेश्याम चौकसे (74) BSNL के रिटायर्ड अफसर हैं। घर में वे अपनी पत्नी सीता चौकसे (70) व नातिन विदूषी (16) के साथ रहते हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य रायपुर में रहते हैं। बुधवार की रात करीब नौ बजे दो नकाबपोश युवक घर में घुस गए। युवकों ने चाकू दिखाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और गहने-पैसों की मांग करने लगे।

जब दंपत्ति ने उन्हें पैसे नहीं दिये तो लुटेरों ने मारपीट शुरू कर दी और उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। जिससे दोनों खून से लथपथ होकर घायल हो गए। इधर, मारपीट और शोर शराबे की आवाज सुनकर विदुषी कमरे से बाहर निकलकर बीच-बचाव करने लगी। वह चिल्लाकर शोर मचाने लगी, तब लुटेरों ने उसे भी चाकू मार दिया। फिर लुटेरे भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे।

उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। फिर दोनों पति-पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। खबर मिलते ही सिविल लाइन टीआई परिवेश तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस विदूषी से घटना के संबंध में जानकारी लेकर लुटेरों की तलाश कर रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *