शरद पवार ने लॉन्च किया पार्टी का चुनाव चिन्ह ‘तुरहा’, कहा- संघर्ष की शुरुआत

रायगढ़। चुनाव आयोग ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार को नया चुनाव चिन्ह दिया है। उन्हें तुरहा (तुरुही,तुतरी या तुरही बजाता हुआ व्यक्ति) चुनाव चिन्ह दिया गया है। पार्टी प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अपने पार्टी का चुनाव चिन्ह तुरहा लॉन्च किया। इस दौरान पवार ने कहा कि यहां से स्वराज्य की स्थापना कर शिवाजी महाराज ने सामान्य लोगों के लिए काम किया। यह संघर्ष की शुरुआत है। यहीं से सभी लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा मिलेगी।

वहीं सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया एक्स पर मराठी में एक पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने लिखा कि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी- शरद चंद्र पवार को चुनाव आयोग ने ‘तुरही बजाना’ चुनाव चिन्ह से सम्मानित किया है। यह तुरही अन्याय के विरुद्ध उठ खड़े होने का संदेश देती है। यह बिगुल उन ‘महाराष्ट्र विरोधी’ प्रवृत्तियों के खिलाफ संघर्ष का आह्वान करता है जो महाराष्ट्र पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रही हैं, युवाओं के रोजगार को पड़ोसी राज्यों में ले जा रही हैं और राज्य की सामाजिक सद्भाव को कमजोर करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। हम जनता की सेवा, मेहनतकश किसानों और महिलाओं का सम्मान और महाराष्ट्र का स्वाभिमान, इन तीन सिद्धांतों को अपनाकर महाराष्ट्र के हित के लिए तैयार हैं।

शरद गुट के नेता महेश तापसे ने मीडिया को बताया कि  “पार्टी का नया चिह्न शरद पवार की उपस्थिति में रायगढ़ के किले में लॉन्च किया गया है। पार्टी का नया चिह्न ‘तुरहा बजाता हुआ व्यक्ति’ है। महाराष्ट्र में ‘शरद पवार की तुतरी’ बजते ही विरोधियों के दिलों में डर पैदा हो जाएगा।”

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *