टिकट के लिए कांग्रेस में नहीं ‘लड़ सकीं’ प्रियंका गांधी की सहयोगी? आज जॉइन करेंगी भाजपा

 लखनऊ।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी काफी बढ़ चुकी है। राजनीतिक दलों का एक-दूसरे के खेमे में सेंध लगाना जारी है। अखिलेश यादव की नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी ने इसकी शुरुआत की थी। इसके बाद कल सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भजपा) ने मुलायम सिंह यादव के घर में ही सेंध लगा दी। उनकी बहु अपर्णा यादव को पार्टी की सदस्यता दिलाई। अब आज कांग्रेस को झटका देने की बारी है। यूपी में कांग्रेस के 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य को विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल कराने की तैयारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज उन्हें लखनऊ में बीजेपी की सदस्यता दिलाई जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से प्रियंका मौर्या नाराज हैं।

प्रियंका ने कांग्रेस पर लगाए रिश्वत मांगने के आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश में महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्य ने कहा कि "उन्होंने (कांग्रेस) मेरे चेहरे, मेरे नाम और मेरे 10 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया। लेकिन जब आने वाले चुनाव के लिए टिकट की बात आई, तो यह किसी और को दे दिया गया। यह अन्याय है।'' उन्होंने आगे कहा कि मुझे टिकट नहीं मिला क्योंकि मैं एक ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की लड़की हूं और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को रिश्वत नहीं दे सकती थी।
 
सरिता आर्या के भी तेवर तल्ख
वहीं, उत्तराखंड महिला कांग्रेस प्रमुख सरिता आर्य ने कहा, "लड़की हूं, लड़ सकती हूं" ने हमें उम्मीद दी है। नतीजतन, हमने मांग की कि राज्य के चुनावों में महिलाओं को 20 प्रतिशत वोट मिले। हालांकि, कुछ महिला सहकर्मी मुझसे कह रही हैं कि अगर आपको अपने लिए टिकट नहीं मिल सकता है, तो आप हमारे लिए टिकट कैसे लेंगे?"

 कांग्रेस की पहली लिस्ट में 50 महिला कैंडिडेट
कांग्रेस महासचिव महा सचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी चुनाव के लिए जो 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी उनमें 50 महिलाओं को जगह मिली है। प्रियंका ने 20 मुस्लिम दावेदारों को भी पहली लिस्ट में जगह दी है। कांग्रेस की लिस्ट में कुछ पत्रकारों और एक अभिनेत्री, समाजसेवी और संघर्षशील महिलाओं को मौका दिया गया है। कांग्रेस ने उन्नाव सदर सीट से पीड़िता की मां को टिकट दिया।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *