उत्पाद विभाग को मिली बड़ी कामयाबी, 880 लीटर स्प्रीट बरामद

 पटना  

उत्पाद विभाग की टीम ने मिले सुराग के आधार पर अगमकुआं पुलिस के सहयोग से छोटी पहाड़ी स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में स्प्रीट बरामद की है। संभावना जताई जा रही है कि स्प्रीट की खेप जहरीली शराब बनाने में उपयोग में लाया जा रही है। इसका नालंदा में हुए जहरीली शराबकांड से भी कनेक्शन है।

बुधवार की देर शाम नालंदा से आई उत्पाद विभाग की टीम ने पटना टीम के साथ मिलकर छोटी पहाड़ी स्थित परशुराम रोडवेज के गोदाम में छापेमारी शुरू की। जहां से चार ड्रम स्प्रीट बरामद की गई है। मौके पर ही चार लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ करने में जुट गई है।

सहायक उत्पाद आयुक्त कृष्ण कुमार साह ने बताया कि परशुराम रोडवेज के गोदाम में प्लास्टिक के चार बड़े ड्रम में लगभग 880 लीटर स्प्रीट बरामद किया गया है। गोदाम में स्प्रीट मिलने के बाद अगमकुआं पुलिस व नालंदा से आयी उत्पाद विभाग की टीम ट्रांसपोर्ट के कार्यालय में कागजातों को खंगाल रही है। साथ ही कर्मियों से पूछताछ कर पूरी जानकारी प्राप्त की जा रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दूसरे प्रदेश से स्प्रीट मंगाकर इस ट्रांसपोर्ट के जरिए उसे नालंदा भेजा जाता था। सहायक उत्पाद आयुक्त का कहना है कि यदि स्प्रीट किसी अन्य काम के लिए भी मंगाया जाता है तो उसके लिए लाइसेंस जरूरी है। लेकिन अभी तक न लाइसेंस मिला है और न माल का बिल्टी ही गोदाम में है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *