आज से 10 दिन तक बूथों पर फिजिकल वेरीफिकेशन करने निकली टीम बीजेपी

भोपाल
हर कार्यकर्ता की डिजिटल डायरेक्ट्री तैयार करने निकले भाजपा के 20 हजार विस्तारक गुरुवार से दस दिन के पार्टी यज्ञ में शामिल होने के लिए निकल पड़े हैं। इन बूथ विस्तारकों द्वारा बूथ का डिजिटल वेरीफिकेशन करने के साथ फिजिकल वेरीफिकेशन भी इस दौरान किया जाएगा। इनमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत समेत सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 21 जनवरी को सोनकच्छ में बूथ विस्तारक के रूप में एक बूथ में पहुंचेंगे।

 प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने इस अभियान की शुरुआत अपने लोकसभा क्षेत्र खजुराहो से की है। वे राजनगर विधानसभा के उदयपुरा मंडल में बूथ क्रमांक 171 में शामिल विस्तारक के रूप में काम कर रहे हैं। दिन भर विस्तारक की 22 गतिविधियों को पूरा करने के बाद वे बूथ समिति अध्यक्ष घर भोजन करेंगे। शर्मा अन्त्योदय समिति अध्यक्ष के घर भी जाएंगे और इसके बाद पन्ना में रात्रि विश्राम करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने इछावर विधानसभा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मुरैना, फग्गन सिंह कुलस्ते ने लखनादोन, प्रहलाद पटेल ने जबेरा के तेंदूखेड़ा से बूथ विस्तारक योजना का गुरुवार को शुभारंभ किया।

विस्तारक का काम पूरा करने के लिए पार्टी ने संगठन एप बनाया है। इस एप के माध्यम से बूथ समिति, पन्ना समिति और की-वोटर्स का पंजीकरण किया जाएगा जिसमें उनके नाम, नंबर एवं पता सहित तमाम जानकारी रहेगी। एप में समितियों के पंजीकरण के साथ ही एक रजिस्टर भी दिया गया है जिसमें भी सारी जानकारी दर्ज की जाएगी। प्रत्येक बूथ समिति के लिए साल भर में 22 काम तय हैं जिनमें से 6 आयोजन विशेष तौर पर किए जाने हैं।  6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, 23 जून को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, जन्माष्टमी पर स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती, 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती एवं 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती पर कार्यक्रम होना ही है।   

मतंगेश्वर महादेव की पूजा अर्चना के बाद उदयपुरा पहुंचे वीडी शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा राजनगर विधानसभा के उदयपुरा पहुंचने के पहले मतंगेश्वर महादेव की पूजा करने पहुंचे। इसके बाद वे उदयपुरा में विस्तार के लिए तय बूथ पर पहुंचे और वहां के लोगों के साथ संवाद करने के साथ भाजपा की रीति-नीति पर चर्चा की। केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की शिवराज सरकार की योजनाओं के बारे में बताकर लोगों से भाजपा से जुड़ने का आह्वान किया। शर्मा ने युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए खुद उनसे एक-एक करके संवाद किया और संगठन एप में दर्ज की जाने वाली जानकारी कागज में लिखी। इस दौरान भारी संख्या में ग्राम वासी मौजूद रहे।

देश में कोई भ्रम फैला रहा है तो वह दिग्विजय सिंह है: नरोत्तम
प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि पूरे देश में यदि कोई भ्रम फैला रहा है तो वह दिग्विजयसिंह है। मीडिया से चर्चा करते हुए मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह हमेशा हिंदु के बारे में ही बोलते है यह दुर्भाग्य है कि कभी दूसरे सम्प्रदाय के बारे में वे कभी नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वल्लभ भवन के पांचवे फ्लोर पर  बैठकर सरकार नहीं चलाते कमलनाथजी की तरह। भोपाल से लेकर चौपाल तक सतत संपर्क में रहते है। आज उसी का एक पार्ट है कि कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेस में  सीधे जुड़ रहे है। अधिकारियों से ही नहीं आम जनता से भी वे जुड़े रहते है। कोरोना के बारे में भी वे लगातार संपर्क चौपाल तक करते हे।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *