CM Saini Got Death Threat : NCP के नेता बाबा सिद्दीकी के बाद अब हरियाणा के सीएम नायब सैनी को जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़। जींद के जुलाना में एक व्हाट्सएप ग्रुप पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। आरोपी की पहचान जींद जिले के देवरार गांव के मूल निवासी अजमेर के रूप में हुई है। जींद के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि अजमेर के एक व्हाट्सएप ग्रुप में 8 अक्टूबर को हरियाणा में मतगणना के दिन जान से मारने की धमकी दी गई।

उन्होंने कहा कि, जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया, एफआईआर दर्ज की गई और अजमेर को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बार कांग्रेस उम्मीदवार और पहलवान विनेश फोगाट ने जुलाना विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार योगेश कुमार को 6015 मतों के अंतर से हरा दिया।

क्या है पूरा मामला

मामला तब सामने आया जब एक व्हाट्सऐप ग्रुप ‘सोमबीर राठी जुलाना हलका’ में एक विवादित संदेश पोस्ट किया गया। संदेश में कहा गया कि, जो भी हरियाणा का मुख्यमंत्री बनेगा, उसे गोली मार दी जाएगी, उसी प्रकार जैसे महात्मा गांधी को नाथूराम गोडसे ने मारा था। इस प्रकार की धमकी न केवल संवैधानिक प्रक्रिया का उल्लंघन है, बल्कि यह सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी खतरा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धमकी देने और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि, इस प्रकार की धमकियों को गंभीरता से लिया जाएगा।

लाडवा सीट से जीते थे चुनाव

वहीं हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से चुनाव जीतकर सत्ता में प्रवेश किया है। उन्होंने कांग्रेस के मेवा सिंह को हराकर अपनी जीत सुनिश्चित की। चुनावी नतीजों के अनुसार, सीएम सैनी को 70,177 वोट मिले, जबकि मेवा सिंह को 54,123 वोट प्राप्त हुए। शुरुआत में मेवा सिंह ने सीएम सैनी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन जैसे-जैसे वोटों की गिनती आगे बढ़ी, सैनी ने स्पष्ट बढ़त बनाई।

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की मृत्यु

वहीं अब इस घटना ने एक बार फिर राजनीतिक माहौल में तनाव बढ़ा दिया है। हाल ही में मुंबई के एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी को भी जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके 15 दिन बाद बीते शनिवार उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं बीते शनिवार की देर रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट में उन पर कई राउंड फायरिंग की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, पर ऐसी धमकियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *