रायपुर। बुजुर्ग माता-पिता को सेना का जवान अस्पताल लेकर जा रहा था। सामने चल रही ऑटो में बैठे कुछ मनचले बेतरतीब तरीके से गाड़ी सड़क पर चला रहे थे। जब जवान ने उन्हें टोका तो युवक बहस करने लगे और कुछ देर बाद इन बदमाशों ने जवान को घेरकर उसके साथ मारपीट की। बुजुर्ग मां-बाप को धक्का देकर गिरा दिया।
यह घटना पंडरी इलाके की है। शनिवार की रात इस मामले की वजह से पंडरी थाने में बवाल भी हुआ। पूर्व सैनिकों का दल इस मामले में कार्यवाही की मांग लेकर पुलिस थाने पहुंचा। काफी देर तक कार्रवाई ना होने की वजह से पूर्व सैनिकों का गुस्सा भी फूटा। हालात बिगड़ता देख पुलिस हरकत में आई और देर रात सैनिक के साथ मारपीट करने वाले बदमाशों को पकड़ लिया गया।भारतीय सेना के जवान किशोर कुमार तिवारी अपने माता-पिता को लेकर मोवा के एक प्राइवेट अस्पताल में चेकअप के लिए जा रहे थे। मां और पिता दोनों की तबीयत ठीक नहीं थी। मोवा अंडर ब्रिज के पास पहुंचे ही थे कि रॉन्ग साइड से कट मारते हुए एक ऑटो तेज रफ्तार से गुजरी। किशोर ने ऑटो चला रहे नाबालिग युवक को टोका। पीछे की सीट में बैठे दो युवक, किशोर के साथ हुज्जत करने लगे। बूढ़े मां बाप साथ थे, इसलिए इनकी बातों पर बिना ध्यान दिया किशोर आगे बढ़ गए, लेकिन अस्पताल के गेट पर जैसे ही पहुंचे नाबालिग अपने साथ छह-सात बदमाशों को लेकर पहुंच गया। 











