सुकमा में नक्सलियों ने धारदार हथियार से युवक को मारकर सड़क पर फेंका शव

सुकमा।  सुकमा में नक्सलियों ने बुधवार देर शाम धारदार हथियार से पूर्व उप सरपंच की हत्या कर दी। उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला है। वह मछली पकड़ने के लिए गया था, लौटते समय नक्सलियों ने उसे घेरकर मार डाला। बताया जा रहा है कि पुलिस मुखबिरी के शक पर नक्सलियों ने उसकी हत्या की है। इससे पहले नक्सली उसके पिता और भाई की भी हत्या कर चुके थे। कोंटा थाना पुलिस को गुरुवार सुबह इसकी सूचना मिली।

बटेर गांव निवासी मांडवी देवा बंडा ग्राम पंचायत का पूर्व उप सरपंच था। वह परिवार के साथ कोंटा के बेस कैंप में रहता था। वह बुधवार देर शाम मछली पकड़ने के लिए निकला था। बाकी साथियों के साथ जब वह मछली पकड़ कर घर लौट रहा था तो रास्ते में 20 से 25 नक्सलियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद युवक का शव कन्हैयागुड़ा के बीच रास्ते में फेंक भाग गए। पुलिस को वारदात का पता सुबह चला।

पुलिस ने सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके बाद पंचनामा भर परिजन को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि इससे पहले नक्सलियों ने माड़वी देवा के पिता और भाई को भी मुखबिर का आरोप लगा कर मौत की सजा दी थी। इस हत्याकांड के बाद परिवार सहित गांव में दहशत का माहौल बन गया है। हालांकि माड़वी देवा की हत्या का कारण अभी पता नही चल पाया है, लेकिन उसे भी पुलिस मुखबिरी के शक में मारे जाने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने मांडवी देवा के साथ मछली पकड़ने गए 4 लोगों से से 2 को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उन्हें घटना स्थल लेकर गई है। मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। इस बात पर भी संदेह है कि वारदात की सूचना रात में क्यों नहीं दी गई, जबकि युवक कैंप में ही रहता था।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *