चढ़ा था सुरूर बनने का कालीन भैया, पहुंच गए कोतवाली अब जमीन शैया

चंदौली: वेब सीरीज मिर्जापुर में कालीन भैया का रोल तो आपको याद ही होगा। कालीन भैया की भूमिका में पंकज त्रिपाठी ने खूब लोकप्रियता हासिल की। अब यूपी में चंदौली जिले के एक युवक ने मिर्जापुर वेब सीरीज वाले कालीन भैया की तर्ज पर कट्टा लहराते हुए शॉर्ट वीडियो बना सोशल मीडिया पर डाल दिया। युवक की ये हरकत पुलिस को नगवार गुजरी और उसे हवालात की हवा खानी पड़ गई।

ये पूरा मामला चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र का है। यहां अभिमन्यु सिंह नाम के एक युवक ने हाथ में कट्टा लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। इसके बाद किसी ने इस वीडियो को चंदौली पुलिस समेत कई लोगों को टैग कर दिया। इसके साथ ये भी ट्विट कर दिया कि यह युवक आएदिन लोगों को इस तरह के वीडियो बनाकर डरा रहा है।

इस ट्वीट पर यूपी पुलिस के डिप्टी एसपी अनिरूद्ध सिंह ने संज्ञान लिया और लिखा कि ‘बहुत जल्द कार्रवाई से अवगत कराता हूं।’ अनिरूद्ध सिंह ने इसके बाद कार्रवाई भी की और अभिमन्यु सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

इतना ही नहीं पुलिस ने भी एक वीडियो शेयर कर लिखा है कि “चढ़ा था सुरूर बनने का कालीन भैया, पहुंच गए कोतवाली अब जमीन शैया।”

डिप्टी एसपी अनिरूद्ध सिंह ने युवक के गिरफ्तार होने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ‘कालीन भइया कुल्लू’। इस वीडियो में पहले युवक के शॉट्स हैं और फिर बाद में उसे पुलिस हिरासत में दिखाया गया है। उसमें एक लाइन भी लिखी है कि’यूपी पुलिस का वादा है… कालीन भइया यूपी पुलिस के खुरदुरे कालीन पर’

गिरफ्तार युवक के पास से 32 बोर का देशी रिवाल्वर सहित एक किलो सौ ग्राम अवैध गांजा और एक कारतूस बरामद किया गया है। उसपर पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। अनिरूद्ध सिंह ने साफ किया कि कानून और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *