‘निशा और उसके कजिन्स’ फेम अभिनेता विभु राघव हार गए कैंसर से जंग, मुंबई के अस्पताल में ली आखिरी सांसें

मुंबई। टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘निशा और उसके कजिन्स’ में अपने किरदार से मशहूर हुए अभिनेता विभु राघव का 2 जून 2025 को निधन हो गया। उनका असली नाम वैभव कुमार सिंह राघव था।उन्होंने मुंबई के नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह स्टेज 4 कोलन कैंसर से लंबे समय से जूझ रहे थे। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले विभु अपनी बीमारी और हेल्थ अपडेट्स शेयर करते थे, लेकिन पिछले एक महीने से वह ऑनलाइन गायब थे।

विभु के निधन की पुष्टि उनकी करीबी दोस्त सिंपल कौल, कावेरी प्रियम और अभिनेता करण वीर मेहरा ने की। विभु ने ‘निशा और उसके कजिन्स’, ‘सावधान इंडिया’ जैसे पॉपुलर टीवी शोज में काम किया था। वह सौम्या टंडन, अनेरी वजानी और सिंपल कौल जैसे सितारों के करीबी दोस्त थे।
कैंसर के कारण वह लंबे समय से कोई नया प्रोजेक्ट नहीं कर पाए, जिससे उन्हें आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ा। इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो गया था, और उनके दोस्तों ने सोशल मीडिया के जरिए आर्थिक मदद की अपील की थी।

सोशल मीडिया में शेयर की थी बीमारी की जंग
2022 में कोलन कैंसर का पता चलने के बाद विभु ने इंस्टाग्राम के जरिए अपनी बीमारी की कहानी साझा की। वह अपने फॉलोअर्स को हेल्थ अपडेट्स देते थे और हमेशा सकारात्मक बने रहते थे। उनके इलाज के लिए दोस्तों ने कई बार मदद की गुहार लगाई। सिंपल कौल, अदिति मलिक, सौम्या टंडन और अनेरी वजानी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर फैंस से सहयोग मांगा।

विभु के निधन के बाद सिंपल कौल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “भारी मन से बता रहे हैं कि हमारा प्यारा दोस्त विभु अब हमारे बीच नहीं रहा। कृपया उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। ओम नमः शिवाय।” विभु की यादें और उनके शोज में उनका योगदान हमेशा फैंस के दिलों में रहेगा।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *