बिलासपुर: युवती को शादी का झांसा देकर संबंध बनाता रहा, जब युवती प्रेग्नेंट हुई तो उसका अबॉर्शन करा कर शादी से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। TI सुनील तिर्की के मुताबिक उत्तरप्रदेश के गोरखपुर जिले के बेड़ीपार विस्थैली निवासी अभिषेक त्रिपाठी (21 साल) गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में बी-टेक सिविल का छात्र है। वह कोनी के रिवर व्यू कॉलोनी में रूम किराए में लेकर रहता है। इस दौरान करीब साल भर पहले 20 वर्षीय युवती से उसने दोस्ती की थी। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई और उनका मिलना-जुलना शुरू हो गया। फिर युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। जब युवती गर्भवती हो गई तो उसका अबॉर्शन करा दिया।
आरोपी बाद में कहने लगा कि शादी नहीं कर पाऊंगा। इसके बाद वह शादी करने के लिए दबाव बनाती रही। लेकिन, युवक शादी करने के लिए तैयार नहीं हुआ और उससे पीछा छुड़ाने लगा। अब युवती ने उसके खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया।
अपराध दर्ज करने के साथ ही पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी। जैसे ही उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका ने थाने में केस दर्ज करा दी है। तब वह यूनिवर्सिटी छोड़कर अपने गांव भागने की फिराक में था। इधर, पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। तभी रविवार को उसे नेहरू चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।