महाराष्ट्र में लगातार बारिश से मचा हाहाकार, मुंबई में लैंडस्लाइड से दो की मौत,कई लोग घायल

मुंबई। पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से कई राज्यों में हाहाकार मच गया है। खासकर पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन के कारण हजारों लोगों की मौत हो गई है। वहीं, अब मुंबई में भी लैंडस्लाइड देखने को मिली है, जिसमें 2 लोगों की जान चली गई है।

मुंबई के विखरोली में शनिवार को भीषण भूस्खलन हुआ। इस लैंडस्लाइड की वजह भारी बारिश बताई जा रही है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और कई लोग बुरी तरह से घायल हैं।

यह हादसा शनिवार की रात लगभग 2:39 बजे हुआ। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बरसात के कारण एक पहाड़ी पर अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी का मलबा आकर एक झोपड़ी पर गिरा, जिससे 2 लोगों की जान चली गई और 4 लोग घायल हैं।

मृतकों की पहचान शालू मिश्रा (19) और सुरेश मिश्रा (50) के रूप में हुई है। वहीं, परिवार के दो अन्य सदस्य आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) को गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि, अब उनकी हालत में सुधार देखने को मिला है।

लैंडस्लाइड के बाद BMC ने इलाके के अन्य लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेज दिया गया है, जिससे दोबारा ऐसे हादसे को टाला जा सके।

मुंबई में भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर जलभराव से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। खासकर दादर, कुर्ला, सियोन, तिलक नगर समेत सभी रेलवे स्टेशनों पर पानी भरने से ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *