छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर बड़ी जीत, मुख्यमंत्री साय ने दी जवानों को बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ नक्सल मोर्चे पर सफलता लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गरियाबंद और नारायणपुर जिलों में सुरक्षाबलों द्वारा हासिल की गई ऐतिहासिक जीत पर सीआरपीएफ की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और डीआरजी के जवानों को बधाई दी है।

गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली मारे गए हैं। इनमें केंद्रीय समिति सदस्य और ₹1 करोड़ के इनामी मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज भी शामिल है। इसे नक्सल उन्मूलन अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।

वहीं, नारायणपुर जिले से भी सकारात्मक खबर आई है। यहां 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वालों में जनताना सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष जैसे प्रमुख नक्सली शामिल हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि नक्सलवाद की झूठी विचारधारा अब कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विश्वास, विकास और शांति की नई सुबह का आगाज हो रहा है।

साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि मार्च 2026 तक ‘नक्सलमुक्त भारत’ का सपना साकार होगा। उन्होंने इसे सुरक्षाबलों की प्रतिबद्धता और जनता के सहयोग की जीत बताया।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *