शादी का झांसा देकर विधवा और नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 27 वर्षीय युवक राम किशुन राम को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक विधवा महिला को शादी का वादा कर बार-बार शारीरिक शोषण किया।

पीड़िता, जो तीन बच्चों की मां है, ने पुलिस को बताया कि उसके पति की मौत वर्ष 2021 में हो चुकी थी। पति की मृत्यु के कुछ महीनों बाद, राम किशुन जबरदस्ती घर में घुस आया और शादी व बच्चों की देखभाल का वादा करके उसका शोषण करने लगा। लगातार संबंध बनाने से महिला गर्भवती हो गई। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी मुकर गया और मई 2025 में दूसरी महिला से विवाह कर लिया। इसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसी तरह, फरसगांव थाना क्षेत्र से भी एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम के जरिए फंसाकर शादी का प्रलोभन दिया गया और उसका यौन शोषण किया गया। पीड़िता अब आठ माह की गर्भवती है। यह पिछले एक सप्ताह में फरसगांव थाने में नाबालिग से दुष्कर्म का दूसरा मामला है।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने समाज को झकझोर कर रख दिया है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक महिलाएं और बच्चियां शादी का झांसा देकर शोषण का शिकार बनती रहेंगी।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *