छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग में 700 पदों पर भर्ती, युवाओं को मिलेगा रोजगार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में 700 पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी है। इस निर्णय से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता को नई मजबूती मिलेगी।

वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद 625 सहायक प्राध्यापक, 25 क्रीड़ा अधिकारी और 50 ग्रंथपाल के पदों पर भर्ती की जाएगी। सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति से कॉलेजों में पढ़ाई और शोध कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा। वहीं, क्रीड़ा अधिकारियों की भर्ती से खेलकूद और शारीरिक शिक्षा की गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, ग्रंथपालों की नियुक्ति से पुस्तकालय और अधिक सशक्त होंगे और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस भर्ती को युवाओं और उच्च शिक्षा संस्थानों दोनों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उनका कहना है कि यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिलाने में मददगार साबित होगी। वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने भी कहा कि सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है और इस तरह की भर्तियाँ भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाने में सहायक होंगी।

उल्लेखनीय है कि बीते 21 माह में प्रदेश सरकार ने महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और आदिम जाति विकास विभाग सहित कई क्षेत्रों में भर्ती की प्रक्रिया पूरी की है। साथ ही शिक्षकों के 5000 पदों पर भर्ती भी प्रक्रियाधीन है। सरकार का लक्ष्य है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में युवाओं को बड़े पैमाने पर अवसर प्रदान कर प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाए।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *