एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम घोषित: हरमनप्रीत कप्तान, मंधाना उपकप्तान; कमलिनी को पहली बार मौका

दिल्ली। अगले महीने जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयन समिति ने अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर को टीम की कप्तान और स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया है। टीम में युवा विकेटकीपर जी. कमलिनी को पहली बार मौका मिला है, जबकि खराब फॉर्म के कारण यास्तिका भाटिया को बाहर कर दिया गया है।

यास्तिका हालिया टूर्नामेंटों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं। उन्होंने विश्व कप में चार मैचों की तीन पारियों में केवल 41 रन बनाए थे। उनकी जगह चुनी गई 17 वर्षीय जी. कमलिनी ने घरेलू क्रिकेट और महिला प्रीमियर लीग में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।

टीम में अनुभवी खिलाड़ियों शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा पर भरोसा बरकरार रखा गया है। वहीं चोट से उबरने के बाद स्पिन ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल की भी टीम में वापसी हुई है। हालांकि, पिछली टीम का हिस्सा रहीं प्रेमा रावत को इस बार जगह नहीं मिली।

गेंदबाजी विभाग में रेणुका ठाकुर और अरुंधति रेड्डी तेज आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि स्पिन का दारोमदार राधा यादव और श्रेयांका पाटिल पर रहेगा।

एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता टी-20 प्रारूप में खेली जाएगी। आईसीसी रैंकिंग में भारत की मजबूत स्थिति को देखते हुए टीम को सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश मिलने की संभावना है। भारतीय टीम से लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है।

भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी. कमलिनी, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *