दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,039 रुपए घटकर 1,40,382 रुपए पर आ गया। इससे पहले यह 1,41,421 रुपए पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी की कीमत में 3,690 रुपए की तेजी आई और यह 2,23,670 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई।
कैरेट के हिसाब से देखें तो 22 कैरेट सोना 1,29,991 रुपए, 18 कैरेट 1,05,287 रुपए और 14 कैरेट सोना 82,124 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। प्रमुख शहरों में भी सोने के दाम लगभग समान रहे। दिल्ली और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,40,280 रुपए, जबकि मुंबई, कोलकाता और रायपुर में 1,40,130 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
हालांकि, इस साल अब तक सोने की कीमत में कुल मिलाकर करीब 7,000 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट सोना 1,33,195 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो अब 1.40 लाख रुपए के पार पहुंच चुका है। दूसरी ओर, चांदी साल की शुरुआत में 2,30,420 रुपए प्रति किलो थी, जो फिलहाल 2,23,670 रुपए पर है। यानी वर्ष की शुरुआत की तुलना में इसमें करीब 6,000 रुपए की गिरावट बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार में डॉलर की चाल, ब्याज दरों और निवेशकों की मांग के कारण कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय ग्राहकों को केवल बीआईएस हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदना चाहिए और खरीदने से पहले IBJA या अन्य विश्वसनीय स्रोतों से उस दिन का भाव जरूर जांच लेना चाहिए। वहीं, चांदी खरीदते समय मैग्नेट, आइस और स्मेल टेस्ट जैसे आसान तरीकों से उसकी शुद्धता की प्राथमिक जांच भी की जा सकती है।











