भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर व बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। ट्रैक्टर व बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हुई है। हादसा गुरुवार की रात गिरसा और गोपालपुर के बीच ढाबा के पास हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सरसींवा थाना की पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। दुर्घटना में दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है।

प्रधान आरक्षक विष्णु टंडन से मिली जानकारी के मुताबिक सरसींवा थाना क्षेत्र के विरसा और गोपालपुर गांव के बीच प्रिंस ढाबा के पास मोटर साइकिल CG 10 AZ 5431 में सवार दो युवक ट्रैक्टर क्रमांक CG-06-E-3788 से जा टकराए। ट्रैक्टर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कट मार दिया, जिससे बाइक सवार हड़बड़ा गए और यह हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार लक्ष्मी प्रसाद यादव और लालजी चौहान की मौत हो गई। दोनों मृतक ग्राम धनगांव के निवासी हैं। बाइक चालक ने हेलमेंट भी नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोटें लगी।

पुलिस के मुताबिक धनगांव निवासी लक्ष्मी प्रसाद यादव और लालजी चौहान दुल्लापुर गांव जा रहे थे। दुल्लापुर में लक्ष्मी यादव का साढू भाई रहता है। गोपालपुर व गिरसा के बीच पहुंचे थे कि ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों युवकों को ग्रामीणों की मदद से सीएचसी बिलाईगढ़ अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *