नई दिल्ली। गुरुग्राम पुलिस और गौ तस्करों के बीच शनिवार को देर शाम हुई मुठभेड़ का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि गौ तस्करों ने खुद का पीछा पुलिस से छुड़ने के लिए चलती ट्रक से गायों को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान गौ तस्कर पुलिस से बचने के लिए सिर्फ 2 टायर पर 22 किलो मीटर तक भागे, लेकिन अंत में पुलिस ने तस्करों को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गौ तस्कर गायों को लेकर दिल्ली बॉर्डर से गुरुग्राम में दाखिल हुए है। सूचना पर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित एम्बिएंस मॉल के पास नाका लगा दिया गया। गौ तस्कर फिल्मी स्टाइल में नाका तोड़कर भागने लगे। सादे कपड़ों में पुलिस की दो से तीन गाड़ियां भी तस्करों के पीछे लग गई। गौ तस्करों ने अपने ट्रक का पिछला हिस्सा तिरपाल से कवर किया हुआ था। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पीछे हटने की बजाए लगातार उनका मुकाबला करते रहे। इस बीच तस्कर पॉश इलाके डीएलएफ में घुस गए। इस दौरान पुलिस ने पीछा छुटाने के लिए तस्करों ने गाड़ी में भरी गई गायों को ही तेज रफ्तार से सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। 100 की स्पीड पर चल रही ट्रक से कई गायों को इसी तरह फेंका गया। इस बीच तस्करों की गाड़ी के 2 टायर भी पंक्चर हो गए। गाड़ी को रोकने की बजाए तस्कर रिम के सहारे ही गाड़ी को तेज रफ्तार में दौड़ाते रहे। आखिर में 22 किलो मीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने तस्करों को घामड़ोला टोल प्लाजा के पास फ्लाईओवर पर घेर लिया।
खुद को घिरा हुआ देख तस्कर फ्लाईओवर से नीचे गिर गए, जिनमें 2 को काफी चोटें भी आई है। इन्हें 5 गौ तस्करों को पकड़ लिया। हालांकि, मौके से दो गौ तस्कर भागने में कामयाब रहे। पुलिस को तस्करों की गाड़ी से अवैध तमंचा और गोलियां भी बरामद हुई हैं। गिरफ्तार तस्कर नूंह जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया है।











