बीच रास्ते में पत्नी को मारा चाकू, अब गिरफ्तार

रायपुर। पिछले एक साल से जिस सनकी पति को पुलिस ढूंढ रही थी आखिरकार वो मिल ही गया। इसने अपनी पत्नी को चाकू मार दिया था। वो महिला की हत्या कर देना चाहता था। घटना के बाद से ही आरोपी पति फरार था, मगर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अब आनंद साहू नाम के युवक को आमानाका थाना पुलिस टीम ने पकड़ा है।

घटना 5 जून 2021 की है। आनंद की पत्नी रानू आनंद से अलग होने के बाद एक किराए के मकान में रह रही थी। 26 साल की रानू का इसके पति से आए दिन झगड़ा हुआ करता था। वो अक्सर इसे गुस्से में आकर मामूली घरेलू बातों पर पीट दिया करता था। अलग रहने की वजह से भी दोनों के बीच अनबन होती रहती थी।

घटना के दिन राजीव नगर इलाके में किराने की दुकान जा रही रानू का रास्ता उसके पति आनंद ने रोक लिया। वो कहने लगा कि तुम्हें किसी भी कीमत पर मेरे साथ ही रहना होगा। दोनों के बीच इस बात को लेकर बीच रास्ते में ही कहासुनी हो गई। तैश में आकर अपनी कमर में फंसा चाकू आनंद ने निकाला और अपनी बीवी के पेट में घोंप दिया। महिला वहीं लहुलुहान होकर गिर पड़ी, ये देख आनंद भाग गया और तब कुछ राहगीरों ने महिला की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाया। रानू फिलहाल ठीक है, उसने अपने पति के खिलाफ शिकायत की और सारी बात पुलिस को बताई।

महिला की शिकायत के बाद पुलिस आनंद को तलाश रही थी मगर उसे पकड़ नहीं पाई। अब एक साल बाद आनंद खुद मामला ठंडा होता देख रायपुर आया। यहां कुछ काम की तलाश में था कि पुलिस के खबरियों ने थाने में खबर दे दी। पुलिस ने अब आनंद को गांधी मैदान की उस जगह से पकड़ा है जहां मजदूर काम की तलाश में जमा होते हैं। पकड़ में आने के बाद आनंद ने बताया कि वो भागकर सीधे मुंबई चला गया था। वहां काम किया, उसे लगा इतने दिनों बाद लौटेगा तो कुछ नहीं होगा, मगर पकड़ा गया। अब पुलिस इसके परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *