जेल विभाग के AIG के घर और दफ्तर में विजिलेंस का छापा, मिली करोड़ों की संपत्ति

बिहार। राजधानी पटना में स्पेशल विजिलेंस यूनिट यानी निगरानी विभाग की विशेष इकाई ने आय से अधिक संपत्ति मामले में जेल विभाग में तैनात एआईजी रूपक कुमार के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। रूपक कुमार के खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने अपने ही थाने में केस दर्ज किया है और उसके बाद उनकी संपत्ति को खंगाला जा रहा है।

एडिशनल एसपी के नेतृत्व में स्पेशल यूनिट की टीमें उनके कार्यालय और आशियाना इलाके में स्थित आलीशान मकान पर एक साथ छापेमारी कर रही है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है कि कुमार ने अपनी अवैध कमाई के माध्यम से भारी मात्रा में संपत्ति अर्जित की है। पटना के अलावा उनकी संपत्ति नोएडा, रांची समेत दक्षिण भारत के राज्य में भी है।

उनके खिलाफ स्पेशल विजिलेंस यूनिट थाने में जो केस दर्ज किया गया है उसमें राज्य के बाहर संपत्ति होने का उल्लेख किया गया है। फिलहाल छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कैश और जमीन जायदाद से संबंधित कागजात मिले हैं। छापेमारी खत्म होने के बाद यह पता लगेगा कि रूपक कुमार ने आखिरकार आय से अत्यधिक कितनी संपत्ति अर्जित की है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *